जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के दो राजकीय विद्यालयों के भवनों के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। राजकीय विद्यालय मिढ़ावली और सहजपुरा में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या व कोर्स को देखते हुए नए भवन निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। इनके लिए 60.96 लाख की धनराशि शासन से आवंटित की गई है।
इस राशि से आवश्यक कक्षों का निर्माण कराया जाएगा और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र ही पूरी की जाएगी। विभाग का प्रयास है कि समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कर छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। नए भवन बनने से विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों को पर्याप्त स्थान के साथ बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने बताया कि जल्द ही अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रोजेक्ट अलंकार सहायक अनुदान योजना आदि में बजट मिलने की उम्मीद है।