वाणिज्य कर कार्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक करते कर अधिवक्ता
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। वाणिज्य कर कार्यालय में जिला कर अधिवक्ता एसोसिएशन द्वारा टैक्स ऑडिट चयन की प्रक्रिया गलत होने के कारण आयुक्त वाणिज्यकर तथा ज्वाइंट कमिश्नर (टेक्स ऑडिट) वाणिज्य कर को पत्र देकर सही व्यापारियों का चयन करने की मांग की। एसोसिएशन के सदस्यों ने नारेबाजी प्रदर्शन करते हुए हाथरस में आयोजित होने वाले कैंप का बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी।
एसोसिएशन के सदस्यों की टेक्स ऑडिट टीम के ज्वाइंट कमिश्नर वाणिज्यकर विजय कुमार वर्मा व डिप्टी कमिश्नर एसके जैन से स्थानीय अधिकारी संजय कुमार एवं रमेशचंद्र डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर हाथरस की उपस्थिति में वार्ता की। वार्ता के दौरान करमुक्त वस्तुओं की खरीद करके बिक्री करने वाले व्यापारी, दो करोड़ से कम बिक्री वस्तुओं का व्यापार करने वाले व्यापारी, जिन व्यापारियों का गत वर्ष में भी ऑडिट हेतु चयन किया गया हो, पर चर्चा की गई। निर्माता व्यापारी की बिक्री एक करोड़ से कम होने तथा 5 करोड़ से कम खरीद बिक्री करने वाले व्यापारियों, लेकिन संवेदनशील वस्तुओं को छोड़कर टेक्स ऑडिट किए जाने की सहमति संबधित अधिकारियों द्वारा की गई। यह भी तय किया गया कि जिन वादों में इस कैंप में सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हो पाता तो भविष्य में लगने वाले कैंप में पुन: नोटिस देकर सुनवाई की तारीख निश्चित की जाएगी। जिन व्यापारियों की तारीख 24 मई में निश्चित है वह भी अपने वाद की सुनवाई 28 मई को आगामी कैंप में करा सकेंगे। बहिष्कार के दौरान गिरीशचंद्र शर्मा, राजीव राज ग्रोवर, प्रेमप्रकाश वार्ष्णेय, दुर्गेश चतुर्वेदी, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, हीरालाल अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, बसंतलाल, अतुल जैन, कपिल अग्रवाल, कपिल शर्मा, भोलाशंकर, रामकुमार शर्मा, विनोद अग्रवाल, मूलचंद्र शर्मा, अल्का अग्रवाल, पीयूष गुप्ता, जितिन अग्रवाल, विकास अग्रवाल आदि थे।