जिले में बर्ड फ्लू को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। जिले में इसकी रोकथाम के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध पक्षी के बारे में सूचना देने की अपील की है। बर्ड फ्लू के उपचार के लिए अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
देश में एच-5 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस की पुष्टि होने के बाद शासन ने पशुपालन, डेयरी विभाग और मत्स्य पालन विभाग को जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए हैं। जिले में बने करीब 12 पोल्ट्री फार्म पर पशुपालन विभाग की टीम की ओर से सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इन फार्मों में करीब दो लाख अंडे देने वाली मुर्गियां हैं।
सभी पोल्ट्री फार्मों में पक्षियों की संख्या और जिले में उनकी आपूर्ति के स्थानों को चिह्नित किया गया है। इनमें प्रतिदिन मुर्गियों व प्रवासी पक्षियों की गहनतापूर्वक और गंभीरता से निगरानी की जाएगी। बैकयार्ड पोल्ट्री, पोल्ट्री की दुकान, बाजार, प्रवासी पक्षियों के मार्ग आदि में जांच होगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. विजय सिंह ने बताया कि मुर्गी पालन और इनका व्यापार करने वालों को प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्र को सेनेटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम यहां से नमूने लेकर जांच के लिए दिल्ली भेज रही है।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
बॉक्स,,,,,,,,,
रोग की आशंका पर लिए जाएंगे नमूने
रोगी पक्षियों की प्रारंभिक जांच के उपरांत रोग की आशंका होने पर कम से कम पांच पक्षी और 10 स्वस्थ पक्षियों के सीरम आदि के नमूने लिए जाएंगे। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से जिले में मांस की दुकानों पर भी जांच कराई जाएगी।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
बॉक्स,,,,,,,,
टीम में ये अधिकारी किए गए शामिल
बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए जिले में समिति का गठन किया गया है। पशु चिकित्साधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को इसमें शामिल किया गया है।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
सजगता के उपाय
-अपने हाथों को बार-बार धोएं, खासकर खाना बनाने से पहले और बाद में
-दूषित सामग्री खाने से बचें।
-कच्चे चिकन और अंडों से दूर रहें और उन्हें अच्छी तरह से पकाकर खाएं, बीमार पक्षियों से दूर रहें।
-यदि आप बीमार या मृत पक्षियों को देखें तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें।
-संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने से बचें, सावधान रहें।
-बर्ड फ्लू के लक्षणों को पहचानें और किसी भी संदेह पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।