ग्रामसभा भूमि पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराती तहसीलदार निधि भारद्वाज एवं पुलिस व भीड़।
- फोटो : SASNI
संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
ग्रामसभा की भूमि पर अवैध कब्जा कर बने दुकानों को बृहस्पतिवार को तहसीलदार निधि भारद्वाज ने पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त करा दिया। दुकान ध्वस्त कराने के बाद जमीन पर कब्जा ग्रामसभा को दे दिया है। आरोप है कि गांव जलालपुर के रघुवीर सिंह पुत्र नवाब सिंह ने ग्रामसभा के गाटा संख्या 691, 694, 695 क्षेत्रफल 84 एकड़ पर अवैध कब्जा कर दुकानों का निर्माण कर लिया था। जिसकी रिपोर्ट लेखपाल ने तहसीलदार के समक्ष की थी। तहसीलदार ने आरोपी का कब्जा अवैध मानते हुए बेदखली के आदेश पारित किए थे। तहसीलदार के आदेश के विरुद्ध जिला अधिकारी न्यायालय में अपील प्रस्तुत की गई थी।
जिला अधिकारी ने पिछले साल 11 दिसंबर को अपील अस्वीकार करते हुए तहसीलदार का आदेश बहाल रखा और यह माना कि तहसीलदार के आदेश में किसी हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है। सरकारी वकील ने भी ग्रामसमाज के सरकारी रास्ते से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। जिसके अनुपालन में तहसीलदार ने बृहस्पतिवार को बेदखली की कार्रवाई करते हुए ग्रामसमाज के रास्ते पर बनी अवैध दुकानों को ध्वस्त करा दिया है। मौके पर प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना, एसएसआई कृतपाल सिंह, लेखपाल विजय शर्मा, रामचंद्र पांडेय, गौरव चौधरी, धर्मवीर चौधरी, सचिन शर्मा आदि मौजूद थे।