प्रधान, पंचायत सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को दी तहरीर
क्रासर
21.46 लाख रुपये कीमत की कागजों पर ईंटें व सीमेंट खरीदने का आरोप
हाथरस। कोतवाली चंदपा में ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव चंद्रगढ़ी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम ने तहरीर दे दी है। ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव पर 23.46 लाख रुपये के सरकारी धन के गबन किए जाने का आरोप है। इस मामले में डीपीआरओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि ग्राम प्रधान रामरतन सिंह द्वारा ग्राम पंचायत सचिव पर ग्राम प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक से सरकारी चेकों के माध्यम से धनराशि निकाले जाने की शिकायत की गई थी। इस शिकायत की जांच डीपीआरओ द्वारा की गई। जांच में यह बात सामने आई कि ग्राम प्रधान द्वारा ही चेकों में हेराफेरी कर 21.46 लाख रुपये की ईटें व सीमेंट की फर्मों से खरीद की गई है। वहीं पंचायत सचिव द्वारा इस मामले में लापरवाही बरते जाना पाया गया। इस आधार पर डीपीआरओ ने ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव को दोषी पाया था।
डीएम के आदेश पर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के एडीओ पंचायत हाथरस देवेंद्र गौतम को आदेश दिए थे। इन आदेशों के क्रम में एडीओ पंचायत ने शुक्रवार कोतवाली चंदपा में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। कोतवाली प्रभारी चंदपा बीपी गिरी ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिल गई। मामले की जांच की जा रही है।