दिल्ली-साहिबाबाद रेलखंड पर चल रहे तकनीकी कार्य का असर हाथरस जंक्शन से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा। रेलवे ने 13 सितंबर तक ट्रेन संख्या 64583 टीएडी पैसेंजर को दिल्ली के बजाय साहिबाबाद तक संचालित करने और ट्रेन संख्या 64582 एचएडी पैसेंजर को दिल्ली के स्थान पर साहिबाबाद से चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 64583 टीएडी हाथरस जंक्शन से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी, लेकिन इसकी यात्रा साहिबाबाद स्टेशन पर ही समाप्त हो जाएगी। ऐसे में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को आगे का सफर मेट्रो या अन्य साधनों से करना होगा। ट्रेन संख्या 64582 एचएडी दिल्ली से संचालित नहीं होगी।
यह साहिबाबाद स्टेशन से हाथरस किला के लिए रवाना होगी, इसलिए दिल्ली से यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले साहिबाबाद पहुंचकर इस ट्रेन को पकड़ना होगा। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली-साहिबाबाद खंड पर चल रहे इंजीनियरिंग कार्य के कारण अलीगढ़ और मथुरा मार्ग से गुजरने वाली कई पैसेंजर, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनें भी 13 सितंबर तक आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन समय सारिणी जांचने की अपील की गई है।