हादसे में क्षतिग्रस्त कार व ऑटो
- फोटो : संवाद
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर कृष्णा कोल्ड स्टोरेज के निकट ऑटो एवं स्विफ्ट कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। कार चालक मौका पाकर वहां से भाग गया। राहगीरों ने घायलों को जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
21 दिसंबर की सुबह सासनी से चालक ऑटो में सवारियां भरकर हाथरस की तरफ जा रहा था। जैसे ही ऑटो कृष्णा कोल्ड स्टोरेज के निकट पहुंचा, हाथरस की तरफ से आ रही स्विफ्ट कार और ऑटो में आमने-सामने टक्कर हो गई। वहां चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घायल रफाकत हुसैन निवासी आशा नगर, रणवीर सिंह निवासी किशनगढ़ी, विमल निवासी लहौर्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घायल गुलशन निवासी लहौर्रा को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक अन्य घायल को परिजन निजी अस्पताल ले गए। विमल एवं रणवीर सिंह की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
ऑटो चालक की मनमानी से हो रहे हादसे
सासनी कस्बे में ऑटो चालकों की मनमानी के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। फिर भी अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रहे हैं। घायलों ने बताया कि ऑटो में सात सवारियां भरी हुई थीं। सासनी-हाथरस रोड पर ऑटो चालक मन माने ढंग से ओवरलोड कर सवारियां भर लेते हैं। यहां तक कि ड्राइवर को चलाने तक की जगह नहीं मिलती।