जिले की दो लोहा गलाने वाली फैक्टरियों में केंद्रीय सेवा एवं वस्तु कर विभाग (सीजीएसटी) की वाणिज्यिक खुफिया शाखा और सांख्यिकी महानिदेशालय की टीम की जांच बुधवार को 36 घंटे बाद भी जारी रही। इन फर्माें में लोहा कबाड़ की खरीद में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
लखनऊ से आई टीम के अधिकारी दोनों फर्माें पर स्टॉक की गणना करने में जुटे हुए हैं। अब शहर की कई ट्रांसपोर्ट फर्म भी जांच के घेरे में आ सकती हैं। जांच के दौरान फर्मोंं के परिसर से कई महत्वपूर्ण कागजात और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। सूत्र बताते हैं कि फर्मोंं के माध्यम से कई अन्य कंपनियों और ट्रांसपोर्टरों के साथ लेन-देन के सबूत भी सामने आए हैं।
सासनी के इगलास रोड पर सीक्वेंस फैरो प्राइवेट लिमिटेट (पूर्व नाम बालाजी कोनकास्ट) और रति के नगला के निकट स्थित महाकाल कॉनकास्ट पर सीजीएसटी की टीम की जांच मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई, जो कि बुधवार की रात तक जारी है। टीम की ओर से फैक्टरियों के गेट बंद कर लगातार जांच की जा रही है।
सूत्र बताते हैं कि यहां मुख्य रूप से मौजूद कबाड़ व तैयार इंगट के स्टॉक की गणना की जा रही है। चूंकि दोनों ही फैक्टरियों में पांच से आठ एकड़ में कबाड़ फैला हुआ है। ऐसे में इस माल की गणना करना अधिकारियों के लिए भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। यह कार्रवाई टैक्स चोरी और फर्जी इनवॉयस तैयार करने के एक बड़े नेटवर्क के खुलासे के बाद की जा रही है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के कई जिलों में इस तरह की कार्रवाई की गई है, जिसके तार हाथरस तक जुड़े पाए गए हैं।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
बॉक्स,,,,,,,,,,
शहर की कई ट्रांसपोर्ट फर्में भी जांच के घेरे में
लोहे के कारोबार में कर चोरी कराने में सबसे बड़ी मददगार के रूप में ट्रांसपोर्ट फर्माें का नाम सामने आ रहा है। यही कारण है कि शहर के मेंडू रोड स्थित एक ट्रांसपोर्टर फर्म सहित शहर के कई अन्य ट्रांसपोर्टर जांच के घेरे में आ सकते हैं, क्योंकि माल के आवागमन से संबंधित ई-वे बिलों में विसंगतियां मिलने की बात सामने आई है। जांच अधिकारियों द्वारा इस संबंध में शहर के कई ट्रांसपोर्टर के यहां पूछताछ किए जाने की भी जानकारी मिली है।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
बॉक्स,,,,,,,,,
महाकाल ने 2018 तो सीक्वेंस ने 2020 में लिए थे पंजीयन
रति का नगला के निकट स्थित महाकाल कोनकास्ट प्रा. लि. ने हाथरस में सात मार्च 2018 को पंजीयन लिया था। आज तक इस फर्म की जनपद या अन्य जगह कोई अन्य शाखा नहीं है। सासनी-इगलास मार्ग स्थित सीक्वेंस फैरो प्रा. लि. ने हाथरस में 11 जनवरी 2020 को पंजीयन लिया है। हालांकि इससे पहले इस जगह पर बालाजी कोनकास्ट नामक लोहा गलाने की फर्म संचालित थी। इस फर्म की भी कोई दूसरी शाखा वर्तमान में घोषित नहीं है।