गुरुसिकरन गांव के शराब और बियर के कंपोजिट ठेके से 31 अक्तूबर की रात हुई लूट की घटना में पुलिस ने एक आरोपी अंशुल यादव उर्फ कप्तान को पकड़ा है। हरदुआगंज पुलिस के अनुसार वह अकराबाद थाने के गांव टुआमई का निवासी है और हिस्ट्रीशीटर के साथ गैंग लीडर है।
थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि थाना पुलिस के साथ ही क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग की टीम ने मंगलवार की देर रात गुरुसिकरन गांव के पास से मुठभेड़ में अंशुल यादव को पकड़ा है। उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में सात नवंबर को गांव अलहदादपुर के निकट बाइक सवार व्यक्ति से कान की बाली और अंगूठी लूटने की घटना भी स्वीकार की है। शराब ठेके में हुई लूट में बचे एक हजार रुपये और दूसरी लूट में बाली सहित तमंचा, घटना में प्रयुक्त बाइक की बरामदगी आरोपी के पास से हुई है।
सीओ अतरौली राजीव द्विवेदी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अकराबाद थाने का शातिर हिस्ट्रीशीटर और गैंग लीडर है। उसके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।