हाथरस में तेज धूप में छाता लगाकर जाती लड़की।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। भीषण गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। रविवार को सूरज ने आसमान से आग उगली और लोगों का हाल-बेहाल रहा। लोग गर्मी की वजह से बेहद परेशान रहे। रविवार की वजह से वैसे ही शहर के बाजार नहीं खुले और लोग गर्मी के कारण वैसे भी घरों में कैद रहे।
रविवार को सुबह से ही भीषण गर्मी से सामान्य जन-जीवन बेहद प्रभावित रहा। लोगों ने पूरे दिन लू के थपेड़े सहे। सुबह से ही सूरज ने कहर बरपाया और दोपहर को तो गर्म हवा के थपेड़ों ने एक तरह से शरीर पर नश्तर की तरह वार किया। रविवार को वैसे भी मुख्य बाजार बंद रहे लेकिन दोपहर को तो बाजारों में सन्नाटा पसर गया।
गर्मी से बचने के लिए लोगों ने तरह-तरह के उपाय किए। कोई सिर पर गमछा बांधकर निकला तो किसी ने मुंह पर नकाब ढका। ठंडा पानी पीकर लोगों ने अपना गला तर किया। लोग दोपहर को तो बेहद मजबूरी में ही घरों से बाहर निकले।