हाथरस। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों की मांग के बाद शुक्रवार की शाम को सादाबाद चिकित्साधीक्षक के पद से डॉ. यूबी सिंह को हटा दिया गया। इनके स्थान पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (डीआईओ) डॉ. विजेंद्र सिंह को सादाबाद सीएचसी का प्रभारी चिकित्साधीक्षक बनाया गया है।
बता दें कि पिछले महीने उ.प्र. बेसिक हेल्थ वर्कर एसोसिएशन के बैनरतले सादाबाद की स्वास्थ्य कार्यकत्रियों ने सादाबाद चिकित्साधीक्षक पर सीएचसी पर भ्रष्टाचार करने, कर्मचारियों का उत्पीड़न करने आदि तरह के तमाम आरोप लगाए थे। इन आरोपों को लेकर सीएचसी पर धरना प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया था। इन कर्मचारियों ने तत्कालीन डीएम को भी पत्र सौंपकर सीएचसी पर व्याप्त भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। इस पूरे मामले में पहले तो निदेशालय स्तर से उ.प्र. बेसिक हैल्थ वर्कर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष व मुरसान के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक जयवेंद्र सिंह को 21 मार्च को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद राज्य कर्मचारियों का एक प्रतिनिधि मंडल तीन दिन पहले इस पूरे प्रकरण को लेकर सीएमओ से मिला था और सादाबाद चिकित्साधीक्षक के स्थानातरंण की मांग की थी। इसकी प्रकरण की जांच एसीएमओ डॉ. डीके अग्रवाल व डॉ. संतोष कुमार को सौंपी गई थी। फिलहाल, सीएमओ ने अग्रिम आदेशों तक सादाबाद के चिकित्साधीक्षक डॉ. यूबी सिंह को हटा दिया है। उनके स्थान पर अब डॉ. विजेंद्र सिंह को सादाबाद सीएचसी का प्रभारी चिकित्साधीक्षक बनाया गया है। सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि अग्रिम आदेशों तक डॉ. यूबी सिंह सीएमओ कार्यालय से अटेच रहेंगे। उनके स्थान पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सादाबाद सीएचसी पर प्रभारी चिकित्साधिकारी के पद पर कार्य करेंगे।