वरिष्ठ शिक्षाविद रविकांत गुप्ता की याद में डीआरबी इंटर कॉलेज के मैदान में टीचर्स प्रीमियर लीग रविवार से शुरू हुई। पहले दिन खेले गए दो क्रिकेट मैचों में सुखदेव सेक्शन व छावा एवेंजर्स ने जीत हासिल की। दोनों ही मैच काफी रोमांचक रहे।
लीग का शुभारंभ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला प्रमुख व एमएलडीवी इंटर कॉलेज के डिप्टी डायरेक्टर कुमुद गुप्ता ने किया। पहला मैच सुखदेव सेक्शन बनाम शिवाजी वारियर्स के बीच हुआ। सुखदेव सेक्शन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। शिवाजी वारियर्स ने पहले खेलते हुए 75 रन का लक्ष्य दिया। सचिन शर्मा ने 30 रन बनाए। गजेंद्र सिंह ने 4 और अवनीश ने 2 विकेट लिए। सुखदेव सेक्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए यह मैच बिना विकेट खोए 6 ओवर में जीत लिया। नीरज चाहर ने 49 और प्रवीन उपाध्याय ने 15 रन बनाए। गजेंद्र सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच छावा एवेंजर्स और भगत लीजेंड के बीच में हुआ। छावा एवेंजर्स ने 168 रन बनाए। कप्तान कुलदीप सिंह ने शानदार 58 रन और आशीष शर्मा ने 62 रन की पारी खेली। मानवेंद्र सिंह ने तीन विकेट लिए। इसके जवाब में भगत सिंह लीजेंड 161 रन ही बना सकी। योगी बाबा ने 66 और पवन कुमार ने 55 रन का योगदान दिया। आशीष शर्मा और मदन चौधरी ने दो-दो विकेट लिए। आशीष शर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस दौरान जितेंद्र कौशल, नरेश मीना, मदन चौधरी, सचिन शर्मा, गौरव पचौरी, विष्णु राजपूत मौजूद रहे।