कोतवाली क्षेत्र के गांव जहांगीरपुर कोडरा में बच्ची ममता की हत्या का मामला उसकी ताई गुड्डी देवी की आत्महत्या के बाद और उलझ गया है। पुलिस पहले ही परिवार के कुछ सदस्यों पर शक के आधार पर जांच कर रही थी, लेकिन गुड्डी की मौत ने जांच की दिशा में नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
बोरे में मिले ममता के के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए उसकी ताई गुड्डी देवी और ताऊ को हिरासत में लिया था। इसी बीच गुड्डी ने खुदकुशी कर ली। परिवार में लगातार दो मौतों के चलते पुलिस ने ताऊ-ताई को हिरासत से छोड़ दिया था। गुड्डी की मौत से उसका पति योगेश भी सदमे में है। एक ओर पत्नी पर हत्या के शक की बात सामने आई, दूसरी ओर बच्चों के पालन-पोषण की चिंता उसे सता रही है। मृतका की मां वीरेश देवी अपनी जेठानी की बेटी को ममता की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहरा रही हैं। गांव में भी हत्या को लेकर परिवार की महिलाओं के बीच विवाद की चर्चा है।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि गुड्डी के अलावा ममता की हत्या में परिवार का कौन सदस्य शामिल हो सकता है। कोतवाल शिव कुमार शर्मा ने बताया कि परिवार के सदस्यों से गहन पूछताछ कर जल्द निष्कर्ष पर पहुंचने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरा परिवार सदमे में है।