यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर शहर के पीबीएएस इंटर कॉलेज के शिक्षक शिवशंकर शर्मा ने बताया कि 12वीं बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हिंदी माध्यम के छात्रों के लिए आवश्यक है कि वह सिलेबस और परीक्षा पैटर्न को भली-भांति समझकर ही पढ़ाई की योजना बनाएं।
उन्होंने छात्र-छात्राओं का मार्ग दर्शन करते हुए बताया कि एनसीईआरटी की पुस्तकों को आधार बनाते हुए नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास करना सफलता का मुख्य मंत्र है। कठिन विषयों को छोटे भागों में बांटकर पढ़ना और प्रतिदिन रिवीजन करना उपयोगी रहता है। पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने से आत्मविश्वास बढ़ता है और समय प्रबंधन में सुधार होता है। साथ ही स्वस्थ दिनचर्या अपनाना, पर्याप्त नींद लेना और तनाव से दूर रहना भी उतना ही आवश्यक है। सकारात्मक सोच, मेहनत और अनुशासन के साथ किया गया प्रयास कक्षा 12वीं की परीक्षा में सफलता दिला सकता है।