प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जिले के 1099 लाभार्थियों के बैंक खातों में आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में एक लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो लिंक के माध्यम से लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण देखा गया।
डूडा के अनुसार प्रथम किस्त के बाद मकान निर्माण शुरू होने पर जियो टैगिंग के आधार पर दूसरी किस्त के रूप में एक लाख रुपये तथा तीसरी किस्त के रूप में 50 हजार रुपये की धनराशि लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग की ओर से कुल 1272 लाभार्थियों की डीपीआर भेजी गई थी, जबकि जिले के लिए 1500 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में विधायक सिकंदाराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, ओसी कलेक्ट्रेट धर्मेंद्र कुमार, सीएलटीसी अक्षय शर्मा, डीसी पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।