छात्र के साथ हुई मारपीट के बाद लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
मेंडू में आई बारात में एक सिरफिरे युवक ने मामूली बात पर पांचवीं कक्षा के छात्र के सिर में लोहे के पंजे से कई प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। छात्र की हालत नाजुक है, उसे जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं आरोपी फरार है।
पुलिस ने छात्र के दादा की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मेंडू के सुभाष नगर का रहने वाले 11 वर्षीय लकी पुत्र ओमप्रकाश प्राइमरी स्कूल में पांचवीं का छात्र हैं।
परिवार की आर्थिक हालत खराब होने के कारण वह शादियों में फूल डेकोरेशन का काम भी करता है। गुरुवार रात को मेंडू में शहर कोतवाली क्षेत्र से एक बारात पहुंची थी। इस बारात में लकी और आरोपी बाराती राम की किसी बात पर नोक-झोंक हो गई।
आरोप है कि राम पुत्र पवन निवासी नगला टाप ने मौका देखकर समारोह से स्थल से कुछ दूरी पर सुनसान इलाके में लकी को दबोच लिया। लोहे के पंजे से उसके सिर पर कई प्रहार किए गए।
लकी के नहीं मिलने पर उसका दोस्त हरदीप उसकी खोजबीन में लग गया। हरदीप को घायल हालत में जब लकी मिला तो उसने लोगों को यह बात बताई। हरदीप ने ही आखिरी बार राम को लकी को अपने साथ ले जाते देखा था।
ग्रामीणों को जब यह पता चला तो उन्होंने राम को खोजना शुरू कर दिया। राम ग्रामीणों को देखते ही भाग निकला। लकी को अस्पताल पहुंचाने के बाद उसके दादा गोपीचंद ने थाने में राम के विरुद्ध शिकायत दी।
इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध धारा 308 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।