पीसी बागला महाविद्यालय में अब अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का लाभ छात्र-छात्राओं को जल्द ही मिलना शुरू हो जाएगा। महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। काम काफी तेज गति से किया जा रहा है। शुक्रवार को कॉलेज प्राचार्य ने निर्माण कार्य का जायजा भी लिया और काम को सही तरीके से अंजाम देने के निर्देश दिए।
गौरतलब हो कि पीसी बागला महाविद्यालय जिले के प्रमुख विद्यालयों में अपना अलग स्थान रखता है। इंटरनेट युग में छात्र-छात्राओं को अब यहां ई-लाइब्रेरी की सुविधा दी जाएगी। महाविद्यालय के आफलाइन पुस्तकालय को ऑनलाइन किया जाएगा। पुस्तकालय में मौजूद हर किताब का डाटा ऑनलाइन किया जाएगा। इसके अलावा छात्र-छात्राएं इंटरनेट के जरिए ऑनलाइन किताबें पढ़ सकेंगे। कोर्स की किताबें भी ऑनलाइन पढ़ने को मिल सकेंगी। कॉलेज की इस ई-लाइब्रेरी में 20 कंप्यूटर लगाए जाएंगे।
पूरा ई-लाइब्रेरी कैंपस वाईफाई से लैस रहेगा। फिलहाल, ई-लाइब्रेरी का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्माण कार्य में कई मजदूर लगे हुए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा होने के आसार हैं। कॉलेज प्राचार्य मेजर राजकमल दीक्षित ने बताया कि कॉलेज में छात्र-छात्राओं की सुविधाओं का स्तर बढ़ाया जा रहा है। इंटरनेट युग में पहले ही पूरा कॉलेज कैंपस वाईफाई से लैस कराया जा चुका है। अब ई-लाइब्रेरी का निर्माण भी शुरू करा दिया गया है। यह कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।