कोतवाली क्षेत्र के गांव गडोला स्थित सीताराम सिंह इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को बिना यूनिफार्म और बिना पहचान पत्र के आने वाले छात्रों के लिए प्रवेश द्वार नही खोला गया। छात्रों ने इसके विरोध में हंगामा किया। एक छात्र के अभिभावक काॅलेज पहुंचे और प्रधानाचार्य व शिक्षक का नाम लेकर अभद्रता और गाली गलौज की। इसकी तहरीर कोतवाली में दी गई है।
22 जनवरी को प्री-बोर्ड व अर्द्धवार्षिक परीक्षा से पूर्व प्रार्थना सभा स्थल पर सुबह 11 बजे के करीब वसंत पंचमी, गणतंत्र दिवस और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के कार्यक्रम की तैयारियां हो रही थीं। इसी दौरान बिना यूनिफॉर्म और बिना पहचान पत्र के कालेज पहुंचे छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया। छात्र लोहे के गेट को धक्का मारकर अंदर घुस गए। इस पर प्रधानाचार्य मुकेश कुमार कन्नौजिया ने छात्रों के समूह को प्रवेश करने से मना कर दिया। काॅलेज प्रबंधक संदीप कुमार सिंह चौहान ने कोतवाली में इसकी लिखित तहरीर दी है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में एक छात्र ने हंगामा कर तीन सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए थे। अनुशासनहीनता के आरोप में उसे निकाल दिया गया था। बाद में कुछ क्षेत्रीय लोगो की सिफारिश पर छात्र को कालेज में प्रवेश दे दिया गया था। इसी छात्र ने हंगामा किया है।