स्कूल से घर लौट रही छात्रा का बाइक सवार तीन युवकों ने पीछा किया। जब विरोध किया तो तेजाब फेंककर चेहरा खराब करने की धमकी दी। आरोपी युवती के घर तक पहुंच गए। परिजनों ने आस-पड़ोसियों की मदद से एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। छात्रा की मां ने तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
छात्रा अलीगढ़ रोड स्थित स्कूल में इंटरमीडिएट की छात्रा है। 22 दिसंबर की दोपहर को वह ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। तभी युवक उसका पीछा करने लगे और उसके घर तक पहुंच गए। डरी-सहमी छात्रा आनन-फानन घर में घुसी और मां को घटना से अवगत कराया। मां ने पिता को फोन पर सूचना दी।
इधर, उन्होंने जैसे ही देखा कि बाइक सवार घर के बाहर ही खड़े हैं तो उन्होंने फोन से ही आस-पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद शोर मचाकर परिजन पड़ोसियों की मदद से तीनों युवकों पर झपटे। खुद को घिरता देख दो युवक मौके से भाग गए। एक को परिजनों ने पकड़ लिया। भीड़ ने युवक की धुनाई कर दी और उसे कोतवाली हाथरस गेट पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
छात्रा की मां ने पकड़े गए रजत निवासी गांव कोटा मुरसान व उसके दो साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा ने बताया कि आरोपी युवक छात्रा पर रजत से शादी करने का दबाव बना रहे थे और जब मना किया तो तेजाब फेंकने की धमकी दी।
मां ने बताया कि आरोपी एक साल से अधिक समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहे हैं। उस समय छात्रा नाबालिग थी, तब भी उसे परेशान किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।
शांतिभंग में हुआ चालान
महिला की शिकायत पर आरोपी रजत के खिलाफ पीछा करने और आपराधिक धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ है। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान होने के कारण रजत का शांति भंंग में चालान किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच चल रही है।