कॉलेज में नामांकन के लिए खड़े छात्र-छात्राएं।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोरोना काल के चलते स्कूल-कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। शहर के डिग्री कॉलेजों में प्रवेश आवेदन जमा करने के लिए विद्यार्थी चक्कर काट रहे हैं। हालांकि ऑनलाइन प्रवेश आवेदन की सुविधा भी दी जा रही है, लेकिन इंटरनेट की समस्या के चलते ऐसे विद्यार्थियों को ऑफलाइन की सुविधा दी जा रही है। सितंबर की शुरुआत में प्रवेश प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
शहर के डिग्री कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश पाने के लिए विद्यार्थी काफी परेशान हैं। वह पसंदीदा कॉलेज में प्रवेेश पाने के लिए चक्कर काट रहे हैं। तीनों कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरस्वती डिग्री कॉलेज में 180 सीटों पर प्रवेश के लिए अभी तक 300 आवेदन फार्म बिक चुके हैं, जिनमें से 200 प्रवेश फॉर्म जमा हो चुके हैं। सितंबर के प्रथम सप्ताह में यहां पर मेरिट जारी होगी। बागला डिग्री कॉलेज में बीए और बीकॉम प्रथम वर्ष की मेरिट दो सितंबर को जारी होगी। प्रवेश आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। आरडी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के साथ ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन भी शुरू करा दिया गया है।
बागला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य मेजर आरके दीक्षित ने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा पत्र दिया गया था कि कि इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण उनके द्वारा प्रवेश आवेदन पत्र खरीदा जाना मुश्किल हो रहा है। अत: महाविद्यालय द्वारा छात्रों को सुविधा दी गई है कि वे गत वर्ष की भांति 252/- रुपये के भुगतान पर आवेदन नंबर आईडी एवं पासवर्ड महाविद्यालय से प्राप्त करेंगे और अपना ऑनलाइन फार्म भरेंगे। फार्म भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। बीए, बीकॉम प्रथम वर्ष की मेरिट लिस्ट दो सितंबर को कॉलेज की वेबसाइट के लेटेस्ट न्यूज सेक्शन में डाल दी जाएगी। प्रवेशार्थी अपने नाम के सम्मुख अंकित तिथि को प्रवेश के लिए उपस्थित होंगे। अपने आवेदन पत्र के साथ सभी प्रमाणपत्रों की स्व-प्रमाणित छाया प्रतियां संलग्न कर एवं सभी मूल प्रमाणपत्रों को प्रवेश समिति के सामने प्रस्तुत करना होगा। बीएससी प्रथम वर्ष के लिए जिन विद्यार्थियों द्वारा अपने आवेदन पत्र भरे जा चुके हैं, वे 28 अगस्त को अपने मूल प्रमाणपत्रों एवं आवेदन पत्र के साथ कॉलेज आकर प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।