संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
सहालग और ईद को लेकर कोरोना कर्फ्यू में भी बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। सुबह आठ बजे से ही बाजार में लोगों का आना शुरू हो जा रहा है। हालांकि, मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने बाजार में अनावश्यक घूम रहे लोगों को खदेड़ दिया। पुलिस की सख्ती की वजह से पूरा बाजार सुनसान हो गया।
बता दें कि अभी सहालग चल रहा है। ऐसे में दूल्हा-दुल्हन के कपड़े, बर्तन, फर्नीचर आदि की खरीदारी के लिए लोगों का बाजार में आना जाना लगा रहता है। वहीं, ईद के त्योहार को लेकर भी लोग बाजारों में खरीदारी करने पहुंचने लगे हैं। इस कारण बाजार में काफी भीड़ उमड़ रही है। दुकानदार भी चोरी-छिपे दुकान खोलकर सामान बेच रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने मंगलवार को सख्ती दिखाई और बाजार में आए लोगों को खदेड़ दिया। इससे 12 बजे के बाद बाजार में सन्नाटा पसर गया।