आचार संहिता लागू होने के बाद नकदी की आवाजाही पर प्रशासन की सख्ती बढ़ती जा रही है। सहपऊ में खंड विकास अधिकारी मोहम्मद जाकिर के सचल दल ने एक गाड़ी से चेकिंग के दौरान महरारा चौराहे पर 1.06 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।
सूचना पर आयकर विभाग की टीम भी कोतवाली सहपऊ पहुंच गई। उसने इस नकदी के बारे में जांच-पड़ताल की। खबर लिखने तक आयकर टीम ने यह खुलासा नहीं किया था कि आखिर जांच में इस नकदी का स्रोत क्या निकला।
बीडीओ के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक कमल सिंह व कांस्टेबल अमित कुमार की टीम बुधवार की दोपहर को सहपऊ के महरारा चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान टीम ने राजस्थान नंबर की एक स्कॉर्पियो कार को चेकिंग के लिए रोका।
तलाशी में कार से टीम को करीब एक लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। यह सभी नोट 500 के थे। इस गाड़ी में आनंद निवासी जयपुर सवार थे। वह अपनी ससुराल एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के गांव भ्याऊ जा रहे थे।
आनंद ने बताया कि उनके श्वसुर नरपति सिंह की मृत्यु हो गई है। उनके त्रयोदशी संस्कार के लिए ससुराल वालों ने नकदी मंगवाई थी, जिसे वह राजस्थान से ही अपने साथ लेकर आए हैं। पुलिस आनंद को नकदी समेत थाने ले गई।
वहां हाथरस से आयकर अधिकारी एसके शर्मा, आयकर अधिकारी अतुल चतुर्वेदी और आयकर निरीक्षक रंजन सैनी की टीम बुलवा ली गई। टीम ने अपने सामने नकदी की गिनती करवाई। आयकर अधिकारियों ने नकदी के स्रोत के बारे में आनंद से बात की।
आयकर अधिकारी एसके शर्मा का कहना था कि नकदी के स्रोत के बारे में जानकारी की जा रही है। उच्चाधिकारियों को भी मामले से अवगत करा दिया गया है। वहां से जो भी निर्देश मिलेंगे, उनका पालन किया जाएगा।
दो किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार
पुलिस के उड़न दस्ते ने सादाबाद-जलेसर मार्ग पर महरारा चौराहे पर चेकिंग के दौरान दो बाइक सवारों के कब्जे से दो किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक सादाबाद की ओर से आने वाले दो बाइक सवार महरारा चौराहा पर चेकिंग करते पुलिस को देखकर मुड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे। तभी पुलिस ने बाइक सवारों का पीछा कर पकड़ लिया। तलाशी में उनके कब्जे से दो किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ करने पर उन दोनों ने अपने नाम राजू पुत्र रामवीर सिंह एवं ओमपाल पुत्र केहरी सिंह निवासी गांव गंगा थाना जलेसर सिटी जिला एटा का बताया। यह दोनों मथुरा से गांजा लाकर अपने गांव को ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।