क्षेत्र के गांव महरारा में रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास नहीं बनाने पर ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने नई रेलवे लाइन पर काम कर रहे टाटा कंपनी के मजदूरों को कई घंटों तक काम नहीं करने दिया। काम रुकने से रेलवे लाइन के लिए गिट्टी ला रहे डंपरों की लंबी लाइन लग गई। नई रेलवे लाइन पर काम रुकने की सूचना से प्रशासन और पुलिस में खलबली मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर के काफी समझाने और गांव के पास से ओवरब्रिज तैयार कराने के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण वहां से हटे। तब कहीं जाकर रेलवे लाइन पर काम सुचारु हो सका। क्षेत्र से गुुजरने वाली नई दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर तीसरी एवं चौथी रेल लाइन बिछाने का कार्य इन-दिनों युद्घ स्तर पर हो रहा है। यह काम टाटा कंपनी करवा रही है। टाटा कंपनी के कर्मचारी दिन-रात इस काम को पूरा करने में जुटे हैं।
गांव महरारा के ग्रामीणों के अधिकांश खेत रेलवे लाइन के दूसरी ओर हैं। अब तक रेलवे ने उन खेतों एवं अन्य गांवों के लिस जाने के लिए लिए एक फाटक बना रखा है। उस फाटक पर फाटक को बंद करने और खोलने के लिए रेलवे ने अपने कर्मचारियों की समय से ड्यूटी लगा रखी है। तीसरी एवं चौथी लाइन बिछने के बाद वहां से फाटक का अस्तित्व समाप्त हो रहा है। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों में गुस्सा पनप गया। ग्रामीणों का कहना है कि अंग्रेजों के जमाने से यह फाटक बना हुआ है और अब इस फाटक को समाप्त किया जा रहा है। वह लोग किस तरह रेलवे लाइन के उस पार जा सकेंगे।
इसी बात को लेकर लोगों ने शुक्रवार की सुबह तीन बजे से नई रेलवे लाइन बिछा रहे कर्मचारियों को काम करने से जबरन रोक दिया। सुबह नई रेल लाइन पर काम रुकने की सूचना पर प्रशासन एवं पुलिस में खलबली मच गई। मौके पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। सादाबाद एसडीएम ज्योत्सना बंधु ने रेलवे के अधिकारियों को फोन लगाकर पूरी स्थिति से अवगत कराया। रेलवे ने मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर जेके सिंह को भेजा। प्रोजेक्ट मैनेजर ने आकर ग्रामीणों को काफी समझाया एवं उनको बताया कि रेलवे ने उनकी मांग को देखते हुए उनके गांव के पास ही एक रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी दे दी है। उस ब्रिज को बनाने का काम भी शुरू हो गया है। इन चारों लाइनों पर रेलवे अपने ओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र कर देगी। यह सुनकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। तब कहीं जाकर इन लोगों ने नई लाइन बनाने का काम दोबारा शुरू होने दिया।