एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस के लिए मिलने लगी तारीख
ऑनलाइन तिथि पर ही लाइसेंस आवेदनकर्ता का खिंचेगा फोटो, होगी अन्य प्रक्रिया पूरी
दो से तीन के लिए बुक चल रही तिथि, दलालों के चक्कर काट रहे लोग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गौरव भारद्वाज
हाथरस। एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस बनवाने के लिए मिली ऑनलाइन तारीख पर हाजिरी लगनी होगी। उसी तिथि में आवेदनकर्ता का फोटो खिंचेगा और अन्य प्रक्रिया पूरी होगी। वर्तमान में लोगों को दो से तीन दिन बाद की तारीख मिल रही है। इस कारण लोग चक्कर काट रहे हैं। इसका फायदा कार्यालय के बाहर बैठे दलाल उठा रहे हैं। अफसर इससे बेसुध बने हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि बदलते परिवेश में परिवहन विभाग हाईटेक हो गया है। लर्निंग लाइसेंस, हेवी लाइसेंस, के अलावा फिटेनस आदि ऑनलाइन हो गई है। आवेदनकर्ता को खुद परिवहन डॉट जीओवी डॉट इन पर लॉगिन खोलने के साथ लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। कागजात ऑनलाइन निकलेंगे। नियत तिथि में मूल कागजात व फोटो कापी के साथ कार्यालय में पहुंचना होगा।
उसके बाद ड्राइविंग कक्ष में कागजों का सत्यापन होगा और फोटो खिंचेगा। उसके बाद लाइसेंस मंजूरी का संदेश मोबाइल पर आएगा। उसके बाद 15 दिन के अंदर लाइसेंस लखनऊ से डाक के जरिए आवेदनकर्ता के पास पहुंचेगा। ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने और मंजूरी का संदेश आने के बाद 15 के अंदर यदि लाइसेंस नहीं आता तो सरकारी लाइसेंस बनाने वाली संस्था पर पेनल्टी लगाएगी।
दलालों ने खोले जन सुविधा केंद्र
हाथरस। एआरटीओ कार्यालय के बाहर दलालों ने लोगों की सहायता के लिए जन सुविधा केंद्र खोल लिए हैं। ये दलाल ऑनलाइन लाइसेंस आवेदन से लेकर पूरी कागजी प्रक्रिया करते हैं। स्लॉट यानि तारीख देने के नाम पर मोटी वसूली कर रहे हैं, क्योंकि दलाल यह कह देते हैं कि स्लॉट बुक हैं। मनमाफिक पैसे देने पर लाइसेंस टेस्ट की तिथि तत्काल मिल जाती है।