5 गोवंशों की मौत की सूचना पर एडीएम ने किया गोशाला का निरीक्षण
अस्थायी गोशाला में बीमार अवस्था में मिले दो गोवंश
स्थायी गोशाला का एक सप्ताह में निर्माण पूरा कराने के निर्देश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मेंडू में अस्थायी गोशाला में पांच गोवंश के मरने की खबर से जिला प्रशासन में खलबली मच गई। बुधवार को प्रभारी डीएम डॉ. अशोक कुमार शुक्ला ने मेंडू स्थित अस्थायी गोशाला का निरीक्षण किया। साथ ही क्षेत्र में बन रही स्थायी गोशाला का काम सात दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए। बारिश के कारण अस्थायी गोशाला में कीचड़ व गंदगी मिली।
मेंडू स्थित अस्थायी गोशाला में पांच गोवंशों के मरने की सूचना से जिला प्रशासन में खलबली मच गई। मौत की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अफसर गोशाला की ओर दौड़ पड़े। एडीएम डॉ. अशोक कुमार शुक्ला ने गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्थायी गोशाला में बरसात के कारण कीचड़ व गंदगी मिली। मौके पर दो गोवंश बीमार अवस्था में पाए गए। उन्होंने तत्काल चिकित्सकीय टीम को बुलाकर गोवंश का उपचार कराया।
उन्होंने ईओ को अस्थायी गोशाला में जमीन पर फर्श का निर्माण जल्द कराए जाने के निर्देश दिए। इस क्रम में निर्माणाधीन स्थाई गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर गोशाला का निर्माण कार्य पूरा हो जाए, ताकि गोवंश को यहां पर भेजा जा सके। उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह में गोशाला का निर्माण कार्य पूरा नहीं होता है तो ईओ सहित संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।