विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम आशीष पांडेय ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। किसानों ने भुगतान के बावजूद स्प्रिंकलर सेट नहीं मिलने सहित कई समस्याएं उठाईं।
कैलाशचंद्र शर्मा ने हसायन के ग्राम कछपुरा में क्षतिग्रस्त पुलिया और जाऊ माइनर को सही कराने की मांग की। राम चरन शर्मा ने वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत की। गांव ऐंहन निवासी वीरपाल सिंह ने उद्यान विभाग से मिलने वाले स्प्रिंकलर सेट की धनराशि जमा किए जाने के बाद भी आज तक सेट न मिलने और खरवा रजबहे की आखिरी टेल पर नाली निर्माण की मांग की।
किसान अनिल गुप्ता ने सासनी में अमृत योजना के तहत जगह-जगह खोदी गईं नालियों को दुरुस्त कराने की मांग की। विर्रा के योगेंद्र शर्मा ने ग्राम बांधनू में स्थित साधन सहकारी समिति से उर्वरक वितरण कराने का अनुरोध किया। उप कृषि निदेशक हंसराज ने किसानों को फाॅर्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रों के पंजीकरण, लॉटरी प्रक्रिया की जानकारी दी।
जिला कृषि अधिकारी आरके सिंह ने उर्वरक बीज एवं कीटनाशकों की उपलब्धता के विषय में जानकारी दी। किसानों को सलाह दी कि डीएपी का प्रयोग खड़ी फसल में न करें। अधिशासी अभियंता सिंचाई ने नहरों संचालन के रोस्टर के बारे में जानकारी दी।