पूर्णागिरी दर्शन के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
टनकपुर से आगरा फोर्ट तक होगा सीधा संचालन
पूर्वोत्तर रेलवे ने भेजा प्रस्ताव, तैयारी में जुटे अधिकारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। टनकपुर से दिल्ली और सिंगरौली के लिए ट्रेन चलाने के बाद इज्जतनगर मंडल ने आगरा फोर्ट के लिए एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इज्जतनगर रेल मंडल ने नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही मंडल से 15 दिन ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन बरेली से आगरा फोर्ट स्टेशन की दूरी साढ़े चार घंटे में तय करेगी। ट्रेन चलने का सबसे ज्यादा फायदा हाथरस से पूर्णागिरी जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले इज्जतनगर रेल मंडल ने टनकपुर से आगरा फोर्ट स्टेशन तक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भ्ेाजा है। संभावना है कि पूर्णागिरी मेला शुरू होने से पहले रेलवे बोर्ड ट्रेन चलाने की स्वीकृति दे सकता है। ट्रेन में एक एसी सेकेंड, दो एसी थर्ड, आठ स्लीपर और चार साधारण कोच होंगे। रेलवे अधिकारियों ने बरेली से आगरा फोर्ट स्टेशन तक साढ़े चार घंटे में पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। जबकि अन्य ट्रेन छह से सात घंटे का समय लेती है।
इस ट्रेन के चलने से सबसे ज्यादा फायदा पूर्णागिरी जाने वाले श्रद्धालुओं को होगा। पूर्णिागिरी मेले में चलने वाली ट्रेन हाथरस सिटी स्टेशन से होकर गुजरेगी। इस मामले में डीआरएम पीआरओ राजेंद्र सिंह का कहना है कि अभी प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। मेला अवधि के दौरान ट्रेन का संचालन किया जाएगा। अभी टाइम टेबल तैयार नहीं हुआ है।