न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
किसान की हत्या के आरोप में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी गौरव शर्मा उर्फ रुद्राक्ष पंडित की अपने साथी मध्य प्रदेश के 40 हजार रुपये के इनामी बदमाश सोनू सहित गिरफ्तारी से किसान की पुत्री सहमत तो है, लेकिन उसका कहना है कि आरोपी गौरव को वह तीन वर्ष से झेलते चले आ रहे हैं। उसके जेल में रहने से उन्हें जानमाल का खतरा और बढ़ गया है।
किसान की पुत्री का कहना है कि आरोपी गुर्गों के माध्यम से उसकी हत्या कराना चाहता है। उसने पुलिस-प्रशासन से इस मामले का मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर जल्द से जल्द आरोपी को कड़ी सजा दिलवाने की मांग की है, ताकि उसके पिता की आत्मा को शांति मिल सके। गौरतलब है कि क्षेत्र के एक गांव में एक मार्च को खेत पर काम कर रहे किसान की गौरव शर्मा ने अपने साथियों के साथ गोली मारकर हत्या कर दी थी।
घटनाक्रम जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश भर में सुर्खियों में रहा था। आरोपी गौरव घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। मंगलवार की देर रात को पुलिस और एसओजी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गौरव और उसके साथ सोनू की गिरफ्तारी की। दोनों के पैर में गोली लगी। दोनों बदमाशों का फिलहाल उपचार चल रहा है।