18 में से 12 बच्चे मिले अनुपस्थित, पूरे स्टाफ का रोका वेतन
बीएसए को उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला ब्राह्मण में मिलीं खामियां
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। बीएसए ने विकास खंड सहपऊ के स्कूलों का निरीक्षण किया, जिनमें से उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला ब्राह्मण में मिलीं खामियों को लेकर पूरे स्टाफ के वेतन पर रोक लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सोमवार को बीएसए हरीशचंद्र उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला ब्राह्मण विकास खंड सहपऊ का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पर पंजीकृत 18 बच्चों में से मात्र छह बच्चे ही बीएसए को उपस्थित मिले, जबकि स्कूल में तीन शिक्षक शिक्षिकाएं तैनात हैं। विद्यालय का रख-रखाव देख बीएसए ने नाराजगी व्यक्त की।
खिड़की-जंगले टूटे हुए थे। बीएसए हरीशचंद्र ने बताया कि इन सभी खामियों को लेकर स्कूल के पूरे स्टाफ के वेतन पर रोक लगाते हुए तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी।