शिकोहाबाद से मुरसान आई एक युवती सोमवार रात अपने प्रेमी का इंतजार करती रही। युवक ने उसे घर ले जाने की बात कहकर बुलाया था, लेकिन युवती के पहुंचने के बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। रातभर इंतजार करने के बाद मंगलवार सुबह युवती कोतवाली पहुंची और पुलिस से शिकायत की।
युवती के अनुसार क्षेत्र के एक गांव का निवासी युवक उसकी बहन की ससुराल पक्ष का रिश्तेदार है। करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात रिश्तेदारी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। युवती का कहना है कि करीब छह महीने तक लगातार संपर्क में रहने के बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी।
शादी के बाद भी कुछ समय तक दोनों के बीच संपर्क बना रहा, लेकिन इसके बाद युवक ने धीरे-धीरे उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। युवती का आरोप है कि पिछले कुछ समय से युवक उसका फोन उठाने से बच रहा था।
युवती ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात युवक ने उसे फोन कर मुरसान बुलाया था। वह उसकी बात पर भरोसा करके शिकोहाबाद से यहां आ गई। यहां आने के बाद उसने युवक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। कोतवाली प्रभारी गिरीशचंद्र गौतम का कहना है कि युवती की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।