सिकंदराराऊ में बस स्टैंड के लिए जगह चिह्नित होने के साथ ही निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था का भी चयन हो गया है। बस स्टैंड का निर्माण 10 करोड़ की लागत से सीएंडडीएस कराएगी, लेकिन बजट तब ही जारी किया जाएगा, जब प्रशासन भूमि की उपलब्धता का सहमति पत्र और डीपीआर शासन को भेज देगा।
गौरतलब है कि शासन ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिहवन निगम के प्रदेश में प्रस्तावित 32 कार्यों के लिए कार्यदायी संस्थाएं नामित की हैं, जिनमें सिकंदराराऊ का भी बस स्टैंड भी शामिल है।
पिछले 40 वर्षों से सिकंदराराऊ कस्बे के लोगों को बस स्टैंड का इंतजार है। सिकंदराराऊ दिल्ली-कानपुर हाईवे पर बसा महत्वपूर्ण कस्बा है, जहां विकास की असीम संभावनाएं हैं। यह कस्बा सड़क मार्ग से कानपुर-दिल्ली व मथुरा-बरेली से जुड़ा है। पूर्वांचल से जुड़ने के लिहाज से यह महत्वपूर्ण स्थान है।
पिछले सप्ताह ही राजकीय कृषि फार्म रतनपुर की एक हेक्टेयर करीब साढ़े 12 बीघा जमीन बस स्टैंड के लिए चिह्नित की गई है। कृषि विभाग ने इसके लिए एनओसी भी जारी कर दी है। रतनपुर कृषि फार्म कस्बे से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित है। रतनपुर कृषि फार्म प्रभारी गिरीश बाबू के अनुसार जिला कृषि विभाग ने प्लॉट नंबर 6,7,8 को अधिग्रहण के लिए स्वीकृत किया है। हाथरस डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि बस स्टैंड के लिए जगह के बाद कार्यदायी संस्था नामित हुई है। अभी निर्माण के संबंध में शासन का आदेश मिलने का इंतजार है।