पत्रकार वार्ता फिल्म अभिनेता संजय शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। मशहूर अभिनेता संजय शर्मा उर्फ संजय स्वराज का कहना है कि चर्चित टीवी सीरियल जमाई राजा के मुख्य किरदार राज खुराना का रोल मिलना मेरे लिए काफी सुखद अनुभव है। हालांकि इससे पूर्व अजय देवगन के साथ फिल्म परवाना, गंगाजल, गुंडाराज, मंगल पांडेय और जय संतोषी मां आदि फिल्मों में काम मिलना मेरे जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धियां रही हैं। टीवी सीरियल सीआईडी में भी काफी महत्वपूर्ण भूमिका मिली, जो फिल्मी कैरियर को आगे बढ़ाने के लिए काफी अहम है।
यहां लेबर कॉलोनी में अपने पैतृक आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने बड़ी संख्या में बंगला एवं भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया है, लेकिन मुंबई की फिल्मी दुनिया में कामयाब होना मौजूदा समय में वह काफी कठिन मानते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्मी दुनिया में फिल्मों की नामी हस्ती रहे कलाकारों के वंशजों के लगातार आने के कारण नवोदित कलाकारों को इस लाइन में आने के लिए काफी कठिनाइयों और चुनौतियों से गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मौजूदा समय में काम पाने के लिए दो से तीन साल तक लग जाते हैं। तब उसके हिस्सों में कुछ फिल्म और अच्छे सीरियल मिल पा रहे हैं। यह काम अब काफी बडे़ बजट का होने के कारण भी नवोदित कलाकारों के सामने बजट की समस्या बनी रहती है। उन्होंने कहा कि वह अब तक 300 से अधिक फिल्म और धारावाहिकों में काम कर चुके हैं। वार्ता में उनके साथ संजय ग्रोवर प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
---