श्री दाऊजी महाराज हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वाधान में शनिवार को शहर के डीआरबी इंटर कॉलेज के मैदान पर हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि संत सत्यमित्र महाराज ने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि भी जल्द ही मुक्त होगी।
उन्होंने कहा कि भारत हिंदुओं का देश है, यह हिंदू राष्ट्र है। जब तक देश में संत, संघ और सेना है, तब तक संस्कृति और हिंदू समाज का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता। देश के विरुद्ध काम करने वालों को देश छोड़कर जाना होगा। विशिष्ट अतिथि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वर्षो तक हिंदू समाज के शांत स्वभाव का गद्दारों और राष्ट्र विरोधियों लाभ उठाया। अब हिंदू जागृत हो गया है। जल्द ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि अपने पूरे वैभव के साथ विकसित होगी।
विशिष्ट अतिथि कन्या गुरुकुल की अधिष्ठात्री डॉ. पवित्रा अलंकार ने कहा कि हमें देशद्रोहियों की पहचान होनी चाहिए। वृंदावन की डॉ. रेणुका ने कहा कि संघ के विचार हम सभी को जीवन को संस्कारवान बनाते है। नन्हें कलाकार ने भगवान शिव का स्वरूप धारण कर शिव तांडव का सुंदर प्रस्तुतिकरण दिया।
सभी वक्ताओं ने हिंदू एकता का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रजत महेश गुप्ता और संचालन अभिषेक रंजन आर्य ने किया। कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, श्री दाऊजी महाराज सेवा समिति के डॉ. पीपी सिंह, आशीष सेंगर, पवन शर्मा, भानु, टिंकू राना मौजूद रहे।