न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
गांव कपूरा और मीतई का डीपीआरओ बनवारी सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों राजस्व ग्राम में तैनात तीनों सफाईकर्मी गैरहाजिर मिले और गंदगी का ढेर मिला। डीपीआरओ ने तीनों सफाई कर्मी का माह अगस्त का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
डीपीआरओ बनवारी सिंह शनिवार को सुबह गांव कपूरा पहुंचे। यहां उन्होंने गांव का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान गांव में गंदगी का ढेर मिला। गंदगी का देख डीपीआरओ का पारा चढ़ गया। इसके बाद गांव मीतई का भ्रमण किया। यहां गांव में दो सफाईकर्मी तैनात होने के बाद भी नालियों में गंदगी भरी हुई थी। डीपीआरओ ने ग्रामीणों से सफाईकर्मी की उपस्थिति और सफाई कार्य संबंधी जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मी अपनी मर्जी के मुताबिक आता है। जानकारी करने पर यह भी पता चला कि सफाई कर्मी अपनी उपस्थिति पंजिका प्राइमरी स्कूल में न रखकर अपने पास रखता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीपीआरओ ने तीनों सफाईकर्मी का माह अगस्त का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। उन्होंने इस लापरवाही को लेकर तीनों सफाई कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।