बृज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज में मंगलवार की रात सुर, लय और ताल के संगम में डूब गई। मौका था, पंजाबी दरबार का। तीसरी बार मेले में परफॉर्म करने आईं महशूर आयटम गर्ल शेफाली जरीवाला की अदाएं देखने के लिए जबर्दस्त भीड़ उमड़ी। आसपास के पेड़ों की शाखाओं और एंगल तक पर भीड़ चढ़ गई। डांस के दौरान बेकाबू भीड़ ने काफी उत्पात मचाया और कुर्सियों भी उठाकर फेंक दी।
भीड़ को काबू पाने के लिए पुलिस को मशक्कत करना पड़ी
शेफाली जरीवाला का डांस देखने के लिए उतावली भीड़ ने मेला पंडाल की व्यवस्थाओं को कई बार उजाड़ दिया। भीड़ को संभालने के लिए देर रात तक सुरक्षा कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही थी। घुड़सवार पुलिस भी भीड़ के बीच सक्रिय नजर आई। भीड़ को देखते हुए पंडाल में सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए थे।
देर रात एक तरफ पंजाबी पॉप गायक दलेर मेहंदी के छोटे भाई जोगिंदर सिंह जिंदू ने अपनी जोशीली आवाज में पंजाबी गीतों की लड़ी पेश कर पूरे पंडाल को भंगड़ा करने पर मजबूर कर दिया। सतरंगी रोशनी में सराबोर मंच पर उतरीं कांटा लगा से चर्चा में आईं आयटम गर्ल शेफाली जरीवाला ने भी अपनी अदाओं से पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया। देर रात पंजाबी दरबार का उद्घाटन डीएम अमित कुमार सिंह, एसपी सुशील घुले, सांसद राजेश दिवाकर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राना, एफसीआई के सदस्य अविन शर्मा ने किया।इस मौके पर पूर्व विधायक राजवीर गहलवाल आदि भी मौजूद थे। संयोजक बृजेश शुक्ला ने सभी अतिथियों का फूलमालाएं पहनाकर और प्रतीक चिह्न देकर जोशीला स्वागत किया। मेरठ जिले के गांव चरोंदा की जेनम खान को सम्मानित किया गया। वे गांव की पहली लड़की हैं, जिसने हाईस्कूल से ऊपर तक की पढ़ाई की है।
जेनम को दो बार तत्कालीन सीएम अखिलेश यादव और एक बार मौजूदा सीएम योगी आदित्यनाथ और एक बार राज्यपाल राम नाईक ने सम्मानित किया है। जेनम ने गांव में कॉलेज खुलवाया है और लड़कियों को पढ़ाने का जिम्मा उठा रही है। राष्ट्रगान की प्रस्तुति के बाद डांसिंग ग्रुप ने परंपरागत वेषभूषा में गणेश वंदना की। इसके बाद गिद्दा- भंगड़ा हुआ। देर रात तक रंगारंग प्रस्तुतियों का यह सिलसिला चला और हजारों की भीड़ इन प्रस्तुतियों पर झूमती रही।
-------
बेरिकेडिंग के अंदर घुसने पर नोक-झोंक
हाथरस। कार्यक्रम स्थल पर बेरिकेडिंग के अंदर घुसने को लेकर कई लोगों की पुलिस अधिकारियों से तीखी नोक-झोंक हुई, जिससे हंगामा भी खड़ा हो गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मी इन्हें अंदर जाने से रोक रहे थे, लेकिन हर कोई अंदर घुसकर करीब से प्रस्तुतियों को देखने के लिए उतावला था।