थाना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक नौ वर्षीय छात्रा ने अपने शिक्षक और दो अन्य युवकों पर यौन उत्पीड़न व छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना एक शिक्षण संस्थान में हुई, जहां छात्रा अध्ययनरत थी। तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
शिकायत के अनुसार सिकंदराराऊ थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव की यह छात्रा आरोपी शिक्षक के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसका फायदा उठाकर शिक्षक सुरेंद्र सिंह, ईशू और अभिषेक पिछले काफी समय से उसके साथ गलत हरकतें कर रहे थे।
30 जून को डरी-सहमी छात्रा ने हिम्मत जुटाकर पिता को फोन किया। उसने रोते हुए इस घिनौनी करतूत की जानकारी दी। छात्रा ने बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के समय पिता घर से बाहर थे। 19 दिन बाद घर लौटने पर पिता बेटी को लेकर हसायन थाने पहुंचे और तीनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार चिकारा ने बताया कि तहरीर के आधार पर पॉक्सो एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।