कूड़े के ढेर से पेड़ में लगी आग। संवाद
- फोटो : Samvad
नगर पालिका द्वारा काफी समय से पुरदिलनगर रोड की पटरी पर लगातार फिंकवाया जा रहा कूड़े का ढेर करीब एक किमी तक पटरी पर फैल गया है। सोमवार की शाम को तेज हवा चलने के बाद कूड़े के ढेर में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी। कई पेड़ भी इसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने एकत्रित होकर पानी की मदद से आग बुझाई।
बता दें कि नगर पालिका के पास अपना कूड़ाघर होने के बावजूद पूरे नगर का कूड़ा प्रतिदिन पुरदिलनगर रोड की पटरी पर डलवाया जा रहा है। सड़क के आसपास कई किसानों के खेत हैं, जिनमें गेहूं की फसल पककर खड़ी है। सोमवार को जिस समय आग लगी, उस समय काफी लोग खेत की कटाई कर रहे थे। आग लगती देख वह खेतों में कटी फसल छोड़कर भागने लगे।
एक किमी तक लगे पूरे कूड़े में जगह-जगह आग सुलग रही थी और धुआं उठ रहा था। किसान विपिन कुमार, हरिओम, महेश सिंह, अजमेरी का कहना है कि यह कूड़ा आसपास की फसलों के लिए खतरा बना हुआ है। इसमें आग लगने से उन्हें फसल की कटाई रोकनी पड़ी। अगर जल्द ही इस कूड़े के ढेर को यहां से नहीं हटवाया गया तो यह किसी बड़े हादसे का सबब बन सकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष मुशीर अहमद ने कहा कि पालिका के नए कूड़ाघर के लिए रास्ता बनने वाला है। इसके बाद पूरा कूड़ा वहीं डाला जाएगा। आग लगने की सूचना पर मौके पर पानी के टैंकर भेजे गए थे।