जिले में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के 680 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। हालांकि इन पदों के लिए कुल 2834 आवेदन मिले थे। 147 केंद्र अभी रिक्त रह गए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि इन पदों के लिए 19 नवंबर 2025 को विज्ञप्ति जारी की गई थी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2025 निर्धारित थी। प्राप्त आवेदनों की शासनादेश के मानकों के अनुसार जांच की गई। इन आवेदकों को वरीयता के आधार पर चयन समिति के समक्ष मूल अभिलेखों के सत्यापन के लिए बुलाया गया।
सत्यापन के बाद 680 के सापेक्ष 533 केंद्रों पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि 147 केंद्रों पर पात्र अभ्यर्थी न मिलने के कारण पद रिक्त रह गए। चयनित अभ्यर्थियों की सूची बाल विकास एवं पुष्टाहार कार्यालय, संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालयों और विकास खंड कार्यालयों पर चस्पा कर दी गई है। शीघ्र ही चयनित अभ्यर्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।