छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर कार्रवाई की मांग
सीओ ने एसएचओ को जांच कर कार्रवाई करने के दिए निर्देश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। छेड़छाड़ और इज्जत लूटने का प्रयास करने की रिपोट कोतवाली में दर्ज नहीं किए जाने पर बिसावर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के परिजन बुधवार को सीओ योगेश कुमार से मिले और उन्हें पूरी घटना से अवगत कराया। सीओ ने इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई करने के आदेश एसएचओ को दिए हैं।
पीड़ित महिला ने सीओ को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि 17 जुलाई को शाम पांच बजे वह घर के अंदर अकेली थी। तभी गांव का ही एक युवक घर में घुस आया और बोला कि चाची चाचा कहां पर हैं। मैने कहा तुम्हारे चाचा बाहर हैं। यह सुनकर यह युवक अश्लील बातें करने लगा और बोला कि आज जैसा मौका फिर कभी नहीं मिलेगा।
जब उसने इस युवक का विरोध किया तो युवक ने उससे छेड़छाड़ करते हुए उसकी इज्जत लूटने का प्रयास किया। शोर मचाया तो उक्त युवक ने पेट में लात मार दी। इस दौरान उसके पति आ गए, जिन्होंने बचाने की कोशिश की तो युवक ने उनको भी ईंट मार दी। धमकी दी कि आज तो बच गई है। तेरी इज्जत लूटकर रहूंगा और तेरे पति को जान से मार दूंगा। युवक के परिजनों ने भी शिकायत करने पर गाली गलौज की और गांव से भगाने की धमकी दी।