राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अपर जनपद न्यायाधीश प्रशांत कुमार ने बृहस्पतिवार को अलीगढ़ जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने पुरुष व महिला बंदियों से बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं को सुना। मौके पर ही समस्याओं का समाधान करने के निर्देश वरिष्ठ जेल अधीक्षक को दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने बंदियों से उनकी पेशी तिथि, भोजन व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बैरकों का निरीक्षण कर स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। विधिक सहायता के बारे में पूछा।
सचिव ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यदि किसी बंदी के पास पैरवी के लिए अधिवक्ता नहीं है तो वह कारागार अधीक्षक के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रार्थना पत्र भेजकर सहायता प्राप्त कर सकता है।इस मौके पर वरिष्ठ जेलर कमलेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी जेलर देव दर्शन सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शाहरूख रिज़वी आदि मौजूद रहे।