दंपती से मारपीट करने के बाद उनकी कार रेलवे ट्रैक पर खड़ी करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी शांतनु उर्फ डेविड निवासी मोहल्ला बोहरान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है। रविवार रात करीब 11:55 बजे मुरसान रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर खड़ी कार से ट्रेन की टक्कर हुई थी। आरोपियों ने दंपती को पीटने के बाद उनकी कार को रेलवे ट्रैक पर खड़ा कर दिया था।
आगरा से मथुरा होते हुए रामनगर जा रही आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ट्रेन इस कार से टकरा गई, जिससे रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। मोहल्ला बोहरान निवासी रतन प्रसाद का कहना है कि 24 मई की रात करीब 11:15 बजे वह अपनी पत्नी सुमन देवी के साथ जट्टारी से अर्टिगा कार द्वारा मुरसान लौट रहे थे।
आरोप है कि कस्बे के एक स्कूल के पास मोना, भानू, अंकित और शांतनु उर्फ डेविड निवासी मोहल्ला बोहरान ने उनकी कार रुकवा ली। गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी कार को मुरसान रेलवे स्टेशन और रेलवे फाटक के बीच रेलवे ट्रैक पर खड़ी कर मौके से भाग गए। मुरसान थाना अध्यक्ष अरविंद सक्सेना का कहना है कि सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।