पानी की मशीनें सील करते एफडीए अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस में पानी माफिया पर लगातार नकेल कसी जा रही है। अवैध रूप से पैक्ड पानी का निर्माण करने वाले दो प्लांटों पर शनिवार को एफडीए की टीम ने छापेमारी की। दोनों प्लांटों पर पानी को पैक करने वाली दो मशीनों को सील कर दिया गया। सॉफ्ट ड्रिंक और सॉस के गोदामों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कमी मिलने पर नोटिस थमाए गए।
डीओ डॉ. श्वेता सैनी के निर्देशन में चले अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी हरींद्र सिंह ने बताया कि नगला बल्देव सासनी में हाकिम सिंह के पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर के प्लांट पर छापा मारा गया। इनके पास न तो पाउच पैक करने का कोई लाइसेंस था और न ही बीआईएस और पानी की जांच का भी कोई प्रमाण पत्र मौजूद नहीं था। इस वजह से इनकी पानी पैक करने वाली मशीन को सील कर दिया गया। इसके अलावा नया बिजलीघर तहसील सासनी के पीछे स्थित अजहरुद्दीन के प्लांट पर भी छापा मारा गया। यहां भी पाउच पैक करने का लाइसेंस नहीं मिला। इसके अलावा बीआईएस और पानी की जांच का भी कोई प्रमाण पत्र यहां मौजूद नहीं था।
इस वजह से यहां भी मशीन को सील कर दिया गया। इसके अलावा रूदायन सासनी स्थित महाजन सॉफ्ट ड्रिंक एजेंसी का निरीक्षण किया गया। यहां स्टॉक रजिस्टर और क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड नहीं दिखाया गया, इसलिए फर्म को नोटिस जारी किया गया। जरैया गदाखेड़ा स्थित ज्योति फूड्स का भी निरीक्षण किया गया। यहां सोया सॉस बनाए जाने का काम हो रहा था। यहां टीम को साफ सफाई ठीक नहीं मिली। पानी की जांच भी नहीं हो रही थी। इसलिए यहां भी नोटिस जारी किया गया। इस मौके पर खाद्य सुरक्षाधिकारी महावीर सिंह प्रेमी, मुनेंद्र सिंह राना, राकेश कुमार, गजराज सिंह आदि थे।