संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
गांव एदलपुर में ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने और चबूतरा व बाउंड्रीवॉल लगाकर मूर्ति स्थापित किए जाने के प्रकरण को संज्ञान में न लाए जाने पर एसडीएम राजेश कुमार ने मडनई क्षेत्र के लेखपाल को सस्पेंड कर दिया है।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि गांव एदलपुर में कुछ लोगों द्वारा खाद के गड्ढों, ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया था और चबूतरा और बाउंड्रीवॉल लगाकर मूर्ति स्थापित कर ली गई। इस प्रकरण को लेखपाल द्वारा अधिकारियों के संज्ञान में नहीं लाया गया। इससे सरकारी संपति पर अवैध कब्जा और सरकारी संपति की क्षति हुई। एसडीएम ने बताया कि गांव में धार्मिक आधार पर अवैध कब्जा किए जाने के कारण तनाव और झगड़े की आशंका बनी हुई है। तीन जुलाई को गांव में हुए हनुमान मूर्ति प्रकरण में भी क्षेत्रीय लेखपाल ने कब्जा रोकने व हटवाने की कोई कार्रवाई नहीं की। यह लापरवाही लेखपाल द्वारा अपने दायित्वों से विमुख होना दर्शाती है। लिहाजा मडनई क्षेत्र के लेखपाल को सस्पेंड कर दिया गया है।