संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
एसडीएम राजेश कुमार ने तहसीलदार ज्योत्सना सिंह, बीडीओ सादाबाद, एडीओ पंचायत, एमओआईसी व ग्राम पंचायत सचिवों के साथ गांव कजरौठी और मीरपुर में निगरानी समिति के द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से टीका लगवाने की अपील की। अधिकारियों ने मास्क का नियमित प्रयोग करने और सामाजिक दूरी बनाए रखने की भी अपील की।
एसडीएम ने कहा कि साफ-सफाई के अलावा गांव में सैनिटाइजेशन करते रहना है। एसडीएम ने निगरानी समिति का निरीक्षण करते हुए आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर सर्वे का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में किसी बाहरी व्यक्ति के आने पर उसकी स्क्रीनिंग कराई जाए।
इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा। जो भी इस कार्य में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्राम पंचायत कजरौठी के प्रधान महाराज सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया जा रहा है। निगरानी टीम लगातार घर घर जाकर सर्वे का कार्य कर रही है। पूरी ग्राम पंचायत में सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है।
सफाई कर्मियों की टीम प्रतिदिन साफ सफाई का कार्य कर रही है। जो लोग टीकाकरण में आनाकानी कर रहे हैं, उन्हें समझाकर मनाया जा रहा है। हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। पूरी ग्राम पंचायत में कोरोना महामारी के विरुद्ध अभियान चल रहा है। लोग मास्क पहनने और सामाजिक दूरी का भी पालन कर रहे हैं। इस दौरान आरआई व लेखपाल भी मौजूद रहे।