सासनी। स्काउट हमें अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। व्यक्तित्व के विकास में सहायक होती है। स्काउट गाइड से देश भक्ति एवं समाज सेवा की भावना का उदय होता है। यह विचार सोमवार को केएल जैन इंटर कॉलेज में 8वीं मंडलीय माध्यमिक विद्यालय स्काउट गाइड रैली का संयुक्त रूप से उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शमीम अहमद एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. एस चनप्पा ने व्यक्त किए। अतिथि गणों ने मां सरस्वती के छविचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं ध्वजारोहण कर स्काउट गाइड रैली का उद्घाटन किया।
छात्राओं ने सरस्वती वंदना तथा स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथिगणों का स्वागत किया। वहीं, सासनी, हाथरस, सिकंदराराऊ, हाथरस जंक्शन की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक विधायक जगवीर किशोर जैन ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में स्काउट कमिश्नर सत्यभान गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक जेके मलिक, प्रबंधकारिणी सदस्य अजय जैन मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक आशीष दुबे ने किया। इस मौके पर विधायक जगवीर किशोर जैन ने अपनी निधि से 5 सोलर लाइट एवं शौचालय, बाथरूम निर्माण कराने की घोषणा की। स्काउट गाइड रैली में अलीगढ़ से 4 टीम स्काउट 3 टीम गाइड , एटा से 6 स्काउट 4 टीम गाइड, कासगंज से स्काउट 4 तथा गाइड की 2 टीम, हाथरस से 5 स्काउट तथा 6 टीम गाइड सहित कुल 34 टीमों ने प्रतिभाग किया। अतिथिगणों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम संयोजक/ प्रधानाचार्य डॉ. दीपक जैन ने अभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला स्काउट आफीसर रवेंद्र शर्मा, प्रदीप गुप्ता, अंबुज जैन, राज किशोर शर्मा, मधुसूदन सिंह, आशीष भार्गव, कुश कटरा, उदयवीर सिंह, श्याम नरेश शर्मा, धर्मेंद्र पाल सिंह, शैलेष जैन, मनोज जैन, पंकज जैन आदि मौजूद थे।