विभागीय अधिकारियों के अनुसार पहले दिन प्रार्थना सभा के साथ बच्चों को नई कक्षाओं, पाठ्यक्रम और विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। लंबे अवकाश के बाद स्कूल लौट रहे बच्चों को सहज वातावरण उपलब्ध कराया जाए ताकि उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़े।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 16 जून से हाथरस जिले के परिषदीय विद्यालयों में फिर से बच्चों की चहल-पहल लौटेगी। नए शैक्षिक सत्र के पहले दिन विद्यार्थियों का विशेष स्वागत किया जाएगा। स्कूल पहुंचने वाले बच्चों के माथे पर रोली का टीका लगाया जाएगा, पुष्प वर्षा की जाएगी और उन्हें मिठाई देकर विद्यालय में प्रवेश कराया जाएगा। हालांकि स्कूल के अधिकांश शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगी हुई है। 20 जून तक घरों के सर्वे जारी रहेंगे। ऐसे में कहा जा रहा है कि स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों की वापसी अगले सप्ताह ही देखने को मिल पाएगी।
विज्ञापन
बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूल खुलने के पहले दिन को उत्सव की तरह मनाने की तैयारी की है। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बच्चों और अभिभावकों का आत्मीय स्वागत करें तथा स्कूल में सकारात्मक माहौल बनाएं। साथ ही नामांकन बढ़ाने, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारु रूप से शुरू कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार पहले दिन प्रार्थना सभा के साथ बच्चों को नई कक्षाओं, पाठ्यक्रम और विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। शिक्षकों को यह भी कहा गया है कि लंबे अवकाश के बाद स्कूल लौट रहे बच्चों को सहज वातावरण उपलब्ध कराया जाए ताकि उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़े। जिले के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि पहले दिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय पहुंचेंगे और नए सत्र की शुरुआत उत्साह के साथ होगी।