बागला डिग्री कॉलेज में पोर्टल न चलने पर परेशान कर्मचारी। संवाद
- फोटो : Samvad
हाथरस। छात्रवृत्ति की आधिकारिक वेबसाइट पिछले कई दिनों से बंद है। इस कारण डिग्री कॉलेजों में विद्यार्थियों की अनिवार्य ई-केवाईसी और ऑनलाइन आवेदन का कार्य ठप पड़ गया है। वेबसाइट न खुलने के कारण छात्र कॉलेज और जनसेवा केंद्रों के चक्कर काटने पर मजबूर हैं।
डिग्री कॉलेजों में इस समय छात्रवृत्ति के फॉर्म भरने और उनके सत्यापन का काम अंतिम चरणों में है। नियमों के मुताबिक, फॉर्म को लॉक करने और आगे बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों की आधार आधारित ई-केवाईसी होना अनिवार्य है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से पोर्टल का सर्वर लगातार काम नहीं कर रहा है। कभी पेज एरर दिखा रहा है।
कॉलेज के स्टाफ का कहना है कि रोजाना सैकड़ों छात्र कॉलेज पहुंचकर अपनी समस्या बता रहे हैं। स्टाफ चाहकर भी उनकी मदद नहीं कर पा रहा है, जिससे कई बार कॉलेजों में हंगामे जैसी स्थिति बन जाती है। प्राचार्य महावीर सिंह छौंकर ने बताया कि छात्रवृत्ति की बेवसाइट नहीं चल रही है। इस बारे में समाज कल्याण विभाग को अवगत करा दिया गया है। संवाद