न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
कस्बा के मोहल्ला विष्णुपुरी में कोरोना संक्रमित पाए गए युवक की मां का 29 अप्रैल को निधन हो गया था। रविवार को यहां त्रयोदशी संस्कार होने की चर्चा थी।
कंट्रोल रूम पर इस बारे में सूचना मिलने पर मौके पर तत्काल एसडीएम हरीशंकर यादव एवं कस्बा चौकी प्रभारी मनोज कुमार शर्मा के अलावा चिकित्सकीय टीम पहुंच गई। मौके पर देखा तो सूचना गलत निकली, जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली। एहतियातन प्रशासन ने परिवार में बची मृतका की पुत्रवधू और पुत्र को प्रकाश एकेडमी में बने क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन करा दिया, जिसके बाद घर पर ताला लटक गया है।
दरअसल, युवक के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया था। कस्बा के पूरे बाजार को बंद कराकर एवं विष्णुपुरी इलाके को बैरिकेडिंग कराके सील कर दिया गया था। परिवार के 10 लोगों को छह मई की देर रात क्वारंटीन करा दिया गया था। शेष दो लोगों को घर पर छोड़ दिया गया था, जिन्हें रविवार को क्वारंटीन कराया गया है।