हाथरस को एटा के जलेसर से जोड़ने वाले सासनी-जलेसर मार्ग के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू हो गई है। पीडब्ल्यूडी ने 10.46 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को चौड़ा और सुदृढ़ बनाने के लिए 22.30 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और यात्रियों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। संकरा होने तथा यातायात का दबाव बढ़ने के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती रहती है। चौड़ीकरण के बाद आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।
सासनी-जलेसर मार्ग से करीब 80 गांव जुड़े हुए हैं।
इन गांवों के हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही, कृषि उपज का परिवहन, व्यापारिक गतिविधियां तथा विद्यार्थियों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा का कहना है कि फिलहाल परियोजना का प्रारंभिक प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।
शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनेगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। संवाद