सासनी से होकर गुजर रहा गंदा नाला
- फोटो : संवाद
पेयजल संकट और स्कूल पर असर
नाले के नजदीक कई घरों के पास लगे हैंडपंप से दुर्गंधयुक्त और गंदा पानी निकल रहा है। इस पानी को पीने से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। नाले के पानी के असर से घरों के बर्तन, नल की टोटियां और अन्य सामान भी गलकर खराब होने के दावे हैं। नाले के पास में विद्यापीठ इंटर कॉलेज में बदबू के कारण विद्यार्थी और शिक्षक परेशान हैं। प्रधानाचार्य डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि नाले के प्रभाव से स्कूल के हैंडपंप का जल भी दूषित हो गया है। इससे छात्र-छात्राओं को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। काफी समय से नाले की सफाई भी नहीं कराई गई है।
ये इलाके हैं प्रभावित
गंदे नाले के कारण सासनी क्षेत्र के विद्यापीठ, ब्राह्मणपुरी, छिपैटी, हरीनगर, विष्णुपुरी, किशनपुरी, नगला ताल, मियां नगला, सासनी देहात, बिजहारी व अजरोई के लोग परेशान हैं।
यह भी जानें
- कुल प्रभावित जनसंख्या : 11 हजार
- सासनी में नाले की लंबाई : 3 किलोमीटर
नाले की समस्या को लेकर कई बार आवाज उठाई गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आसपास का पानी पीने योग्य नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में लोग कैंसर जैसी बीमारी से पीड़ित पाए गए थे। कई लोगों की बीमारी से मौत भी हो चुकी है। फिर भी समस्या का समाधान नहीं निकल पाया है।-प्रकाश चंद शर्मा, पूर्व प्रबंधक, विद्यापीठ इंटर कॉलेज
मेरा मकान नाले से कुछ ही दूरी पर है। दूषित पानी और बदबू के कारण घर में खाना भी अच्छा नहीं लगता। दिन-रात अगरबत्ती जलाए रखना पड़ता है ताकि घर में बदबू का असर कुछ कम हो। इतना कुछ होने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।-लालाराम बाबू, सासनी
नाले की बदबू असहनीय है। नलों से भी अब काला और गंदा पानी आता है। हम लोग ठीक से खाना नहीं खा पा रहे हैं। दिनों-दिन स्थिति बदतर होती जा रही है। जिम्मेदार लोगों को हमारी बिल्कुल भी परवाह नहीं है।-मोहनलाल वार्ष्णेय, सासनी
नाला कस्बे से होकर हाथरस की ओर जाता है। इसकी सफाई बेहद जरूरी है। आसपास के हैंडपंप और नल का पानी भी अब पीने योग्य नहीं रह गया। कई लोगों की कैंसर से मौत हो चुकी है। इसका स्थायी समाधान जरूरी है।-कालू पंडित, सासनी
भारत विकास परिषद व अन्य संगठनों ने अधिकारियों तक बात पहुंचाई लेकिन हल नहीं निकला। करोड़ों रुपये से नाले की सफाई कई साल पहले हुई थी। फिलहाल नाला जगह-जगह रुका पड़ा है और दुर्गंध बढ़ती जा रही है।-निर्देश चंद्र वार्ष्णेय, समाजसेवी
स्वास्थ्य विभाग की ओर नाले के आसपास के घरों में बीमारियों का आकलन कराया गया था। जांच में पानी पीने योग्य नहीं पाया गया है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।-डॉ. पंकज कुमार, सीएचसी प्रभारी
वर्षों से चली आ रही नाले की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा, ताकि लोगों को घरों में पीने के लिए स्वच्छ पानी और दुर्गंध से निजात मिल सके।-अनूप प्रधान वाल्मीकि, सांसद